निलंबन और प्रभार का आदेश जारी कर विवादों में फंस गए नोडल अफसर,
उपपंजीयक ने थमाया नोटिस सीताडबरी में ले रहे हैं धान

निलंबन और प्रभार का आदेश जारी कर विवादों में फंस गए नोडल अफसर,
उपपंजीयक ने थमाया नोटिस
सीताडबरी में ले रहे हैं धान
शैलेन्द्र मिश्रा/खैरागढ़:- जिले के बुंदेली सेवा सहकारी समिति में धान खरीदी के लिए उपपंजीयक द्वारा स्थान बदले जाने के बाद बुंदेली में खरीदी नहीं करने पर समिति प्रबंधक पालन दास मानिकपुरी को निलंबित किए जाने का आदेश देने के मामले में जिले के नोडल और सहायक पंजीयक रघुराज सिंह फंसते नजर आ रहे हैं।
मामले में बिना उपपंजीयक राजनांदगांव की जानकारी और आदेश के बुंदेली समिति प्रबंधक मानिकपुरी को निलंबित करने, समिति के लिपिक कुंभलाल जंघेल को खरीदी का प्रभार दिए जाने का आदेश जारी करने, बुंदेली सहकारी बैंक के पर्यवेक्षक गजेन्द्र अरकरे को धान खरीदी केन्द्र बुंदेली का प्रभार दिए जाने का आदेश जारी करने पर उपपंजीयक शिल्पा अग्रवाल ने सहायक पंजीयक रघुराज सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी कर जबाव मांगा है।
जवाब नहीं देने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही करने का प्रस्ताव उच्च कार्यालय को भेजने की जानकारी भी दी है। बताया गया कि मामले में सहायक पंजीयक द्वारा उपपंजीयक कार्यालय की जानकारी और आदेश के बिना ही स्थानीय स्तर पर आदेश जारी कर दिए गए। जबकि उन्हे कार्यवाही का पूर्ण अधिकार नहीं मिला है।
सहकारी बैंक के पर्यवेक्षक अरकरे को खरीदी का प्रभार
बुंदेली में नुकसान को देखते समिति खरीदी करने से पीछे हट रही है। इसके बाद भी वहां प्रबंधक को निलंबित करने के बाद लिपिक कुंभलाल जंघेल को प्रभार दिया गया। इस दौरान सीताडबरी में भी खरीदी शुरू होने के चलते कर्मियों ने एक साथ दो जगह खरीदी नहीं कर पाने की वजह बताते खरीदी से इंकार कर दिया। इसके बाद कुंभलाल जंघेल की जगह समिति के चौकीदार हमीरा श्रीवास को बुंदेली में खरीदी करने कहा गया। उनके इंकार के बाद सहकारी बैंक के पर्यवेक्षक अरकरे को खरीदी का प्रभार दिया गया है।
सहकारी संस्थाएं राजनांदगांव उपपंजीयक शिल्पा अग्रवाल द्वारा 24 नवंबर को जारी आदेश में कहा गया कि रघुराज सिंह को केसीजी जिले का नोडल अधिकारी विभाग द्वारा नियुक्त किया गया है। पृथक से जिले में कोई कार्यालय स्थापना नहीं की गई है। सहकारिता विभाग द्वारा जिले के लिए नोडल को कोई अधिकार नहीं दिए गए हैं। इसके बाद भी नोडल अधिकारी के रूप में रघुराज सिंह द्वारा नोडल कार्यालय के नाम से आदेश जारी कर दिया गया है। अग्रवाल ने रघुराज सिंह से स्पष्टीकरण मांगते तीन दिन के भीतर उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करने कहा है।
उपपंजीयक शिल्पा अग्रवाल ने धान खरीदी शुरू होने के पहले बुंदेली समिति में पर्याप्त जगह की कमी, सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने और समिति द्वारा लगातार नुकसान होने की मांग पर बुंदेली की जगह सटे गांव सीताडबरी में धान खरीदी किए जाने के आदेश जारी किए गए थे। बुंदेली के सत्ताधारी नेताओं के विरोध के बाद खैरागढ़ जिला सहायक पंजीयक रघुराज सिंह ने आनन फानन में बिना लिखित आदेश के बुंदेली में ही खरीदी करने से मना करने पर समिति प्रबंधक पालनदास मानिकपुरी को निलंबित कर दिया गया।
जवाब दे दिया गया
उच्च कार्यालय से मिले नोटिस का विधिवत जवाब अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है।
रघुराज सिंह, नोडल सहायक पंजीयक केसीजी
