आधी अधूरी तैयारियों और शिक्षको की कमी के साथ गुजर गया शिक्षा सत्र आज से बोर्ड परीक्षाएं शुरू
जिले मे 11 सौ से अधिक शिक्षको की कमी, निशुल्क कोचिंग और अतिरिक्त व्यवस्था भी नही बना पाया शिक्षा विभाग

आधी अधूरी तैयारियों और शिक्षको की कमी के साथ गुजर गया शिक्षा सत्र आज से बोर्ड परीक्षाएं शुरू
जिले मे 11 सौ से अधिक शिक्षको की कमी, निशुल्क कोचिंग और अतिरिक्त व्यवस्था भी नही बना पाया शिक्षा विभाग
शैलेन्द्र मिश्रा/खैरागढ़ :- जिले मे आधी अधूरी तैयारियों के बीच आज से छग माध्यमिक शिक्षा मंडल के दसवीं बारहवीं बोर्ड परीक्षाएं शुरू होंगी । जिले के 36 परीक्षा केन्द्रों में इस बार कुल 10094 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा दिलाएगें। इसके लिए गुरूवार को तैयारी पूरी कर ली गई । जिले मे दसवी बोर्ड में इस बार 5798 और 12 वीं बोर्ड मे 4296 परीक्षार्थी हिस्सा ले रहे है। 36 परीक्षाकेन्द्रों में परीक्षार्थियों के बैठने सहित अन्य परीक्षा तैयारी पूरी की गई है ।
शिक्षको की कमी मे ही गुजर गया सत्र
जिले मे शिक्षको की कमी के बीच मे ही पूरा पढ़ाई सत्र गुजर गया। जिले मे तमाम दावों के बाद भी शिक्षको की व्यवस्था करने में प्रशासन और शिक्षा विभाग विफल रहा। इसका व्यापक असर छात्रछात्राओं की पढ़ाई पर पड़ा। जिले में व्याख्याताओ, शिक्षक और सहायक शिक्षक के 1104 रिक्त पदो पर शिक्षा विभाग कोई व्यवस्था नही बना सका। जिले मे 38 हायर सेकेंडरी, 33 हाईस्कूल, 181 मिडिल और 457 प्राथमिक शालाओं में व्याख्याताओ के 650 पदो में से 208 पद अब तक रिक्त पड़े है। इसी तरह शिक्षक के 839 पदो मे से 242 और सहायक शिक्षक के 1378 पदो मे 654 पद रिक्त पड़े है। इसका व्यापक असर पूरे सत्र मे पढ़ाई में दिखा । कई स्कूलो मे एकशिक्षकीय पदस्थापना होने के चलते भी छात्रो को अतिरिक्त परेशानियाँ उठानी पड़ी । सत्र की शुरूआत के दौरान भी इस मामले को लेकर काफी बवाल मचा लेकिन जिला प्रशासन द्वारा मामले में कार्यवाही किए जाने, डीएमएफ मद से शिक्षको की व्यवस्था का हवाला देकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया गया। लेकिन पूरी व्यवस्था नही बन पाई । दूसरी ओर पिछले सत्र मे जिला प्रशासन द्वारा बोर्ड परीक्षा के छात्रो के लिए निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था भी इस सत्र मे नही बनाई गई। छात्रों की मांग के बाद भी इस मामले को लेकर प्रशासन और शिक्षा विभाग ने कोई गंभीरता नही दिखाई ।
विभाग का दावा, बेहतर व्यवस्था बनाई
इधर मामले में जिला शिक्षा अधिकारी फत्तेराम कोसरिया का दावा है कि परीक्षा की तैयारी को लेकर जिले मे बेहतर व्यवस्था बनाई गई थी । जिन स्कूलो मे शिक्षको की कमी थी वहाँ आसपास के स्कूलो के शिक्षको को कक्षाएं लेने, बोर्ड परीक्षा की तैयारी कराने निर्देश देकर अध्यापन कार्य पूरा कराया गया है। अतिरिक्त कक्षाओ का संचालन कर सभी स्कूलो मे बोर्ड परीक्षाओं के कोर्स पूरे कराए गए है । इसकी सतत मानिटरिंग भी की गई है। जिले में प्री बोर्ड परीक्षा लेकर परीक्षा संबंधी आंकलन भी किया गया है। जिले में बोर्ड परीक्षाओ वाले छात्रो के प्री बोर्ड मे 90 फीसदी से अधिक अंक पाने वालो की संख्या इस सत्र मे बढ़ी है। उम्मीद है कि इस बार जिले से राज्य के मेरिट लिस्ट मे भी नाम शामिल होंगें ।
