आपकी - सिटीखैरागढ़-छुईखदान- गंडईमनोरंजन

खैरागढ़ में गूंजा खुशियों का उत्सव – अटल उद्यान बना मस्ती की पाठशाला बच्चों से बुजुर्गों तक सभी ने की जमकर मस्ती

Khabar Khairagariya

खैरागढ़ में गूंजा खुशियों का उत्सव – अटल उद्यान बना मस्ती की पाठशाला बच्चों से बुजुर्गों तक सभी ने की जमकर मस्ती

Oplus_16908288

खैरागढ़। राजधानी की तर्ज पर खैरागढ़ में शुरू हुई मस्ती की पाठशाला ने पहले ही दिन शहरवासियों का दिल जीत लिया। नगर के अटल उद्यान (गार्डन) में रविवार सुबह आयोजित इस अनूठे पारिवारिक आयोजन में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की रिकॉर्ड भागीदारी देखने को मिली। पूरे उद्यान में उत्साह, उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा का ऐसा माहौल बना कि यह आयोजन शहर के लिए किसी उत्सव से कम नहीं रहा। नगर गार्डन ग्रुप खैरागढ़ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सुबह होते ही जोश और उमंग के साथ हुई। कार्यक्रम की अतिथि खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा रहीं जिन्होंने नागरिकों और बच्चों के साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेकर आयोजन की शोभा बढ़ाई।कार्यक्रम में बुम्बा डांस, रस्साकशी, योग, ध्यान, मनोरंजक खेल, म्यूजिक एक्टिविटी और छत्तीसगढ़ी पारंपरिक गीत-संगीत ने लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। जैसे ही संगीत की धुनें गूंजीं, बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी खुद को थिरकने से नहीं रोक सके। सुबह की ताजगी और मस्ती भरे माहौल ने अटल उद्यान को खुशियों के केंद्र में बदल दिया। छोटे बच्चों के लिए विशेष रूप से लगाए गए जंपिंग जम्प ने सबसे अधिक आकर्षण बटोरा। बच्चों ने यहां जमकर मस्ती की, वहीं अभिभावकों ने भी अपने परिवार के साथ यादगार पल बिताए। आयोजन में पारिवारिक सहभागिता और सामाजिक सौहार्द का अनूठा दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि यहां उम्र की कोई सीमा नजर नहीं आई। जहां बच्चे खेलकूद में व्यस्त रहे, वहीं बुजुर्गों ने भी संगीत की धुनों पर कदम मिलाकर माहौल को और जीवंत बना दिया। व्यापारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोग एक साथ मस्ती के रंग में रंगे दिखाई दिए। बच्चों का उत्साह इस कदर था कि कई बच्चे निर्धारित समय से पहले ही अटल उद्यान पहुंच गए और कार्यक्रम शुरू होने का बेसब्री से इंतजार करते रहे। उनकी ऊर्जा और सहभागिता ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया।

Oplus_16908288

इस अवसर पर विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि मस्ती की पाठशाला केवल मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज को जोड़ने और परिवारों को एक साथ समय बिताने का सुंदर माध्यम है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ऐसे आयोजन लोगों को तनावमुक्त होने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर देते हैं। उन्होंने नगर गार्डन ग्रुप खैरागढ़ की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक और जनभागीदारी वाले आयोजनों को निरंतर बढ़ावा मिलना चाहिए। आयोजन की सफलता में नगर गार्डन ग्रुप के सदस्य अरुण भारद्वाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व और सक्रिय समन्वय से कार्यक्रम का प्रथम आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने शहरवासियों से आगामी रविवार को भी बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। आयोजन के सदस्य अरुण रंगलानी ने बताया कि यह आयोजन अब प्रत्येक रविवार सुबह 6 बजे से 8 बजे तक अटल उद्यान में नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा जहां शहरवासी परिवार सहित पहुंचकर स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक मेल-मिलाप का आनंद ले सकेंगे।


Khabar Khairagariya

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!