सड़क निर्माण मे भ्रष्टाचार की पोल खुली बाईपास सड़क शुरू होने से पहले ही दरकने लगी, दो किमी सड़क मे जगह जगह दरार और गडढे, धंसने लगी सड़क

सड़क निर्माण मे भ्रष्टाचार की पोल खुली
बाईपास सड़क शुरू होने से पहले ही दरकने लगी, दो किमी सड़क मे जगह जगह दरार और गडढे, धंसने लगी सड़क
खैरागढ़ । शहर की यातायात व्यवस्था को संभालने और सुधारने बनाई गई बाइपास सड़क शुरू होने के पहले ही धराशाई हो गई है । शहर के राइसमिल से सोनेसरार तक भारी और बड़े वाहनो को शहर के भीतर घुसने से रोकने आठ साल पहले प्रस्तावित की गई छह किमी लंबी बाईपास सड़क मे सड़क का निर्माण कार्य तीन साल पहले ही पूरा कर लिया गया है । लेकिन बाईपास सड़क मे उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य पूरा नही होने के कारण अब तक बाईपास योजना धरातल पर नहीं उतर पाई है । बाईपास सड़क मे मोतीनाला, मुस्का नाला पर पुल निर्माण प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है लेकिन आमनेर नदी पर बनने वाला उच्च स्तरीय पुल ठेकेदार, सेतु निगम की लापरवाही के चलते आठ साल से अटकी पड़ी है। इस दौरान लोकनिर्माण विभाग द्वारा आनन फानन मे टेंडर करवाकर सड़क का निर्माण करवा लिया गया। लेकिन अब तक बाईपास सड़क से आवाजाही शुरू नही हो पाई है।

शुरू नही हुआ और जगह जगह फट गई बाईपास सड़क
ल छह किमी लंबे बाईपास सड़क मे पुल निर्माण नही होने से आवाजाही शुरू नही हो पाई है लेकिन सड़क निर्माण मे हुए भ्रष्टाचार की पोल अब खुलने लगी है। सोनेसरार की ओर से बनाए गए बाइपास सड़क मे जगह जगह लंबी और गहरी दरारे अभी से सामने आ गई है । एक दो जगहो पर नही बल्कि सोनेसरार से आमनेर पुल निर्माण तक के दो किमी डामर सड़क मे कई जगहे दरारे लगातार बढ़ रही है। कोरोना के दौरान आनन फानन मे काम दिखाने डामर सड़क का निर्माण बेतरतीब ढंग से करा दिया गया था। सड़क की न निर्धारित समय पर जांच की गई और न ही इसकी मानिटरिंग हो पाई। तीन साल बाद सड़क मे आवाजाही शुरू होने से पहले ही सड़के जगह जगह से फट रही है। बड़ी और लंबी दरारे इसके भ्रष्टाचार की कहानी बंया करने लगी है। कई जगहो से फट रही सड़क जगह जगह से धंसने भी लगी है। इसके चलते इसके निर्माण में बरती गई कोताही भी अब सामने आ रही है। सोनेसरार वार्ड के पूर्व पार्षद कमलेश कोठले ने बताया कि उक्त बाइपास सड़क मे आवाजाही शुरू नही होने के कारण वार्डवासी इसका उपयोग अपने खेतो मे जाने, मार्निंग वाक सहित अन्य कार्यों के लिए करते है। जगह जगह से दरार पड़कर टूट चुकी सड़को पर आवाजाही करने वाले किसानो के दो पहिया वाहन फंस रहे है। जिससे कई दुर्घटनाएं सामने आ रही है। वार्डवासियो ने भी सड़क निर्माण मे हुए भ्रष्टाचार की जांच करते इसके नवनिर्माण कराए जाने की मांग की है।

