आपकी - सिटीखैरागढ़-छुईखदान- गंडई

खैरागढ़ में प्रेस क्लब भवन का सांसद संतोष पांडेय ने किया लोकार्पण

सांसद संतोष पांडेय ने कहा—पत्रकार संविधान के चौथे स्तंभ, समाज को सही दिशा देने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका

Khabar Khairagariya

खैरागढ़ में प्रेस क्लब भवन का सांसद संतोष पांडेय ने किया लोकार्पण

सांसद संतोष पांडेय ने कहा—पत्रकार संविधान के चौथे स्तंभ, समाज को सही दिशा देने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका

 

खैरागढ़ ! खैरागढ़ नगर में रेस्ट हाउस के समीप नवनिर्मित जिला पत्रकार संघ भवन का लोकार्पण शनिवार को राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पांडेय ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में प्रेस क्लब भवन पत्रकारों को समर्पित किया गया। भवन के लोकार्पण से क्षेत्र के पत्रकारों को बैठक, संवाद एवं विभिन्न गतिविधियों के लिए एक व्यवस्थित मंच उपलब्ध हुआ है।

 

कार्यक्रम में विधायक यशोदा वर्मा,जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जनपद अध्यक्ष डॉ राजेश्री त्रिपाठी,नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र और संविधान के चौथे स्तंभ हैं। पत्रकारिता केवल समाचारों के संकलन और प्रसारण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में जागरूकता पैदा करने, जनसमस्याओं को सामने लाने तथा शासन-प्रशासन और जनता के बीच संवाद स्थापित करने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए समाज के सामने वास्तविक तस्वीर प्रस्तुत करते हैं। ग्रामीण एवं छोटे शहरों के पत्रकार स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों को प्रमुखता से सामने लाकर शासन का ध्यान आकर्षित करते हैं। प्रेस क्लब भवन के निर्माण से पत्रकारों को अपने कार्यों के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा और आपसी समन्वय भी मजबूत होगा।

 

सांसद ने पत्रकार संघ के पदाधिकारियों एवं सभी पत्रकारों को भवन के लोकार्पण की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकारिता की गरिमा, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने पत्रकार संघ भवन के लोकार्पण पर क्षेत्र के पत्रकारों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य करते हैं। क्षेत्र की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाने में स्थानीय मीडिया की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने पत्रकार संघ के बेहतर संचालन एवं पत्रकारों के हित में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

 

उल्लेखनीय है कि पत्रकार संघ भवन के निर्माण के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई थी। वहीं भवन के विस्तार के लिए विधायक निधि से 5 लाख रुपये की घोषणा की गई है। इस राशि से पत्रकार संघ भवन के ऊपरी हिस्से में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण किया जाएगा, जिसका कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इससे पत्रकारों को बैठक, संवाद एवं अन्य आवश्यक गतिविधियों के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होगा।

 

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा सुबह-सुबह घर-घर समाचार पत्र पहुंचाने वाले समाचार पत्र वितरकों को रेनकोट का वितरण किया गया। बारिश के मौसम में भी नियमित रूप से समाचार पत्र पहुंचाने वाले वितरकों के योगदान को देखते हुए यह पहल की गई। अतिथियों ने उनके कार्य की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर खैरागढ़ प्रेस क्लब अध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौर, सचिव प्रशांत सहारे, खिलेंद्र नामदेव, अनुराग तूरे, चैतन्य तिवारी, साकेत श्रीवास्तव, मनोहर सेन, नीलेश यादव, सन्नी यदु, प्रवीण नामदेव एवं दिनेश साहू सहित प्रेस क्लब के सदस्य एवं क्षेत्र के पत्रकार उपस्थित रहे।


Khabar Khairagariya

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!