आपकी - सिटीखैरागढ़-छुईखदान- गंडई

खैरागढ़ जिले के ग्रामीण इलाकों के लिए 50.70 लाख रुपये की मिली स्वीकृति

छुईखदान एवं खैरागढ़ में बिछेगा सड़कों का जाल और बनेंगे सामुदायिक भवन

Khabar Khairagariya


खैरागढ़ जिले के ग्रामीण इलाकों के लिए 50.70 लाख रुपये की मिली स्वीकृति

छुईखदान एवं खैरागढ़ में बिछेगा सड़कों का जाल और बनेंगे सामुदायिक भवन

 

खैरागढ़ – नवगठित जिले के गांवों की सूरत बदलने और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लगातार विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की जा रही है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के अथक प्रयासों से जिले के ग्रामीण अंचलों के लिए मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के अंतर्गत 50 लाख 70 हजार रुपये की नई विकास योजनाओं को हरी झंडी मिली है। इस राशि से छुईखदान और खैरागढ़ जनपद क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सामुदायिक भवनों एवं सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को आवागमन और सामाजिक आयोजनों में बड़ी सुविधा मिलेगी।
छुईखदान एवं खैरागढ़ में बिछेगा सड़कों का जाल और बनेंगे सामुदायिक भवन

स्वीकृत राशि के तहत छुईखदान ब्लॉक के ग्राम पंचायत गोकना, दनिया और भोरमपुर में क्रमशः 6.50-6.50 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवनों का निर्माण होगा। इसके साथ ही जगमड़वा आश्रित ग्राम रैमड़वा में 5.20 लाख, बरबसपुर आश्रित ग्राम नेवासपुर में 2.60 लाख, लक्ष्मणपुर में 2.60 लाख, उदान आश्रित ग्राम तेंदुभाठा में 2.60 लाख तथा उरतुली आश्रित ग्राम भेंडरा में 2.60 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, खैरागढ़ विकासखण्ड के ग्राम पंचायत अतरिया के वार्ड क्रमांक 11 में भी 5.20 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य को स्वीकृति मिली है।

मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री का जताया आभार, बोले- विकास में नहीं आने देंगे कमी

स्वीकृति मिलने पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री व पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले के विकास कार्यों के लिए बजट और संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। श्री सिंह ने इस बड़ी सौगात के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, क्षेत्र के सांसद संतोष पांडे एवं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार के प्रति आभार व्यक्त किया।


Khabar Khairagariya

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!