मतदान की तैयारी: पहले नंबर पर यशोदा, विक्रांत तीसरे स्थान पर
लॉक हुए ईवीएम, सभी बूथों में एक-एक मशीन ही लगेंगे

मतदान की तैयारी: पहले नंबर पर यशोदा, विक्रांत तीसरे स्थान पर
प्रत्याशियों के नाम और फोटो के साथ
लॉक हुए ईवीएम, सभी बूथों में एक-एक मशीन ही लगेंगे
मैदान में उतरे दो प्रत्याशी तो खुद को ही नहीं दे पाएंगे वोट
शैलेन्द्र मिश्रा/ खैरागढ़:- विधानसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान की प्रारंभिक तैयारी पूरी कर ली गई है। शुक्रवार को राजनीतिक दलाें के प्रतिनिधियों, प्रेक्षको, निर्वाचन अधिकारियों की उपस्थिति में शहर के पिपरिया स्थित वेयर हाऊस में बनाए गए स्ट्रांग रूम में चुनाव में उपयोग किए जाने वाले ईवीएम और वीवीपैट मशीनाें की कमिशनिंग कार्य पूरा कर लिया गया। विधानसभा चुनाव में एक ही ईवीएम का उपयोग किया जाना है। चुनाव में ंकुल 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। ईवीएम मशीनों में हिंदी वर्णमाला के आधार पर प्रत्याशियों के नाम और फोटो निर्धारित किए गए है।
प्रत्येक मतदान केन्द्रों में एक ही ईवीएम से होने वाले मतदान के दौरान प्रत्याशियों में कांग्रेस की यशोदा वर्मा सबसे पहले स्थान पर होगी। दूसरे स्थान पर जोगी कांग्रेस के लक्की नेताम, तीसरे स्थान पर भाजपा प्रत्याशी विक्रांत सिंह, चौथे स्थान पर अंबेडकराईट पार्टी के ओमप्रकाश सेन, 5वें स्थान पर भारतीय चेतना शक्ति पार्टी के रत्नेश वर्मा, छठे क्रम में राष्ट्रीय जनसभा पार्टी के रसीद दास बंजारे, 7वें स्थान पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के डॉ. संतोष मारिया, आंठवे क्रम में हिंदुस्तान जनता पार्टी की संतोषी प्रधान, 9वें स्थान पर निर्दलीय टीकम लोधी, दसवें में निर्दलीय तुलसीराम बांधे और च्यारहवे स्थान पर निर्दलीय नरेंद्र सोनी का नाम होगा। आखिर मे नोटा का बटन निर्धारित है।

खैरागढ़ विधानसभा चुनाव में उतरे 11 प्रत्याशियों ने दो प्रत्याशी ऐसे भी हैं जो खुद को वोट नही दे पाएंगे। विधानसभा चुनाव में अंबेडकराईट पार्टी उम्मीदवार ओमप्रकाश सेन डोंगरगढ़ तहसील के महरूम खुद निवासी हैं जो खैरागढ़ विधानसभा में ंशामिल नहीं हैं। इसके चलते खुद प्रत्याशी अपने को वोट नहीं दे पाएंगे। इसी तरह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे तुलसीराम बांधे भी खैरागढ़ विधानसभा के निवासी नहीं हैं। बांधे राजनांदगांव के भालूकोन्हा के निवासी हैं। दोनाें प्रत्याशियाें ने अपने विधानसभा को छोड़कर खैरागढ़ विधानसभा से चुनाव लड़ने मैदान में उतरे हैं। बाकी नौ प्रत्याशियों में यशोदा वर्मा देवारी भाठ में, लक्की नेताम खपरी दरबार में, विक्रांत सिंह ग्राम सहसपुर में, रत्नेश वर्मा भीमपुरी, रसीद दास बंजारे लंझियाटोला, डॉ. संतोष मारिया ग्राम खजरी, संतोषी प्रधान देवपूरा घाट, टीकम लोधी ग्राम गर्रा, और नरेंद्र सोनी शहर के सोनारपारा वार्ड के मतदान केंद्र में अपना वोट डालेंगे।
