
गली में 11 केवी पोल से आवाजाही बाधित, दुर्घटना की आशंका बरकरार
सुशासन तिहार शिविर पर उठे सवाल, सालभर बाद भी नहीं हटा पाए बिजली का एक पोल
खैरागढ़ शहर में आयोजित सुशासन तिहार शिविर की कार्यप्रणाली पर अब सवाल उठने लगे हैं। नया टिकरापारा वार्ड स्थित राधा माधव मंदिर के सामने गली में लगे 11 केवी बिजली पोल को हटाने के लिए रहवासियों की ओर से पिछले साल आवेदन दिया गया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पोल नहीं हटाया गया है। वहीं प्रशासन की ओर से आवेदन को निराकृत बताया जा चुका है। गली के प्रवेश द्वार पर ही बिजली विभाग का 11 केवी लाइन का पोल लगा हुआ है, जिसके कारण आधा दर्जन से अधिक मकानों में रहने वाले परिवारों को म रहन रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गली के बीच पोल होने से आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक दुपहिया वाहनों की आवाजाही के दौरान कई छोटी-दारान मोटी दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
मकानों के ऊपर झूल रहे हाई वोल्टेज तार
गली में 11 केवी लाइन के साथ-साथ स्थानीय एलवी लाइन भी गुजर रही है। मकानों के ऊपर और आसपास हाई वोल्टेज तार झूलने से लोगों में हमेशा भय का माहौल बना रहता है। रहवासियों ने बताया कि करीब एक साल पहले एलवी लाइन की चपेट में आने से एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसकी जानकारी विभाग को देने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पोल और बिजली लाइन नहीं हटाए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है और सुशासन तिहार शिविर की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सालभर पहले दिया था आवेदन
रहवासियों ने बताया कि पोल हटाने की मांग को लेकर पिछले वर्ष सुशासन तिहार शिविर में आवेदन देकर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन ने आवेदन को निराकृत जरूर बता दिया, लेकिन जमीन पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुशासन शिविर के अलावा भी कई बार बिजली विभाग को आवेदन और मौखिक शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।


