अमलीपारा में अतिरिक्त कक्ष व सायकिल स्टैंड का लोकार्पण,
मूर्ति अनावरण एवं मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान,

अमलीपारा में अतिरिक्त कक्ष व सायकिल स्टैंड का लोकार्पण,
मूर्ति अनावरण एवं मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान,

प्रदीप बोरकर खैरागढ़ । शहर के अमलीपारा स्थित स्व. विजय लाल चोपड़ा हाई स्कूल में अतिरिक्त कक्ष व सायकिल स्टैंड का लोकार्पण, मूर्ति अनावरण एवं मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के मुख्य आतिथ्य एवं नगरपालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में लगभग 7 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्षों और 3.20 लाख रुपये की लागत वाले सायकिल स्टैंड का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा दानवीर स्व. विजय लाल चोपड़ा की प्रतिमा का अनावरण किया गया। साथ ही, कक्षा 9वीं की 26 छात्राओं को सरस्वती सायकिल योजना के तहत सायकिलें वितरित की गईं और कक्षा 10वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं गरिमा सिन्हा, रितानी यादव और प्रतिज्ञा रजक को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में स्कूल परिसर में फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया।
दानवीर स्व. चोपड़ा के योगदान को किया नमन
मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज से 37 वर्ष पूर्व, 1989 में स्व. विजय लाल चोपड़ा ने बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए अपनी 5 एकड़ बेशकीमती जमीन दान दी थी। उन्होंने बताया कि नगरपालिका अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से मांग कर इस स्कूल का नाम स्व. चोपड़ा के नाम पर समर्पित कराया था। विक्रांत सिंह ने विद्यार्थियों को सफलता के 4 मूल मंत्र बेहतर अनुशासन, अच्छा व्यवहार, एकाग्रतापूर्वक मेहनत और असफलता से न घबराना बताए। उन्होंने जल्द ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से मिलकर शाला के उन्नयन तथा सुविधाओं के विस्तार का आश्वासन भी दिया।
अतिथियों ने की बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना
कार्यक्रम की अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के आवागमन को सुगम बनाने और उनके शैक्षणिक विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। वहीं, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने स्व. चोपड़ा परिवार के ऐतिहासिक योगदान की सराहना करते हुए छात्रों को अनुशासित रहकर क्षेत्र का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।

शाला विकास समिति के अध्यक्ष कमलेश कोठले ने बताया कि पेयजल, अतिरिक्त कक्ष और सायकिल स्टैंड जैसी प्राथमिक मांगें पूरी हो चुकी हैं और अब अगला लक्ष्य स्कूल का उन्नयन कराना है। इससे पूर्व, प्राचार्य सुनील गुनी ने शालेय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों का उल्लेख किया तथा परिसर के विस्तार एवं अतिरिक्त संसाधनों की मांग रखी।

इस अवसर पर पार्षद शैलेंद्र वर्मा, रामाधार रजक, रूपेंद्र रजक, विनय देवांगन, नपा सभापति देवीन कमलेश कोठले, नीलिमा गोस्वामी, संजय शर्मा, सुभाष चावड़ा, याहिया नियाज़ी, नंद चंद्राकर, आयश सिंह बोनी, अरविंद वर्मा, श्याम सुंदर साहू, डोरेलाल साहू, विजय सिंह, हाई स्कूल के प्राचार्य सुनील गुनी, कन्या शाला के प्राचार्य डॉ. कमलेश्वर सिंह, पूर्व प्रभारी प्राचार्य ईश्वर प्रसाद ठाकुर, व्याख्यातागण क्रमशः खिलेश साहू, आसिफ़ खान, सीएल साहू, अरविंद बंजारे व लता राजपूत, पूर्व माध्यमिक शाला की प्रधान पाठक गीता यादव, मौसमी सिंह, जयलक्ष्मी सिंह, जागृति पांडे, दुर्गेश ठाकुर व अभिजीत खंडे सहित छात्राएं एवं उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

