साल्हे कला से उदयपुर तक पीएमजीएसवाय सड़क बदहाल,
गड्ढों में सफर; हादसों के बाद भी मरम्मत का इंतजार

साल्हे कला से उदयपुर तक पीएमजीएसवाय सड़क बदहाल,
गड्ढों में सफर; हादसों के बाद भी मरम्मत का इंतजार
बोरई रोड, कुटेली कला और साल्हे कला में सड़क की हालत खराब,
स्कूली बच्चों समेत राहगीरों को हो रही परेशानी
जनपद सदस्य ने कई बार उठाया मुद्दा,
प्रदीप बोरकर खैरागढ़ । जिले के उदयपुर से साल्हे कला तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क कई स्थानों पर बदहाल हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से होने से वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत बोरई रोड, कुटेली कला और साल्हे कला क्षेत्र में सड़क की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों के अनुसार खराब सड़क के कारण कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, वहीं स्कूली बच्चों के गिरने और वाहनों के गड्ढों में फंसने की घटनाएं भी सामने आई हैं। ऐसे में सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग उठ रही है।
जनपद सभा से लेकर अधिकारियों तक पहुंची शिकायत, फिर भी नहीं सुधरी स्थिति
सड़क की बदहाली का मामला जनपद सदस्य दुष्यंत जंघेल द्वारा लगातार जनपद सभा में उठाए जाने की बात कही गई है। उनके अनुसार शासन-प्रशासन के साथ संबंधित जनप्रतिनिधियों, विधायक और मंत्री को भी पत्र के माध्यम से सड़क की स्थिति से कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत अथवा सुधार को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में असंतोष बढ़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति का जिम्मेदार विभाग द्वारा मौके पर निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाना चाहिए।
मरम्मत से नहीं सुधरे तो नई सड़क बनाने की मांग
ग्रामीणों की मांग है कि उदयपुर से साल्हे कला तक सड़क का तत्काल निरीक्षण कर जहां आवश्यक हो वहां मरम्मत कार्य कराया जाए। यदि सड़क की स्थिति ऐसी है कि सामान्य मरम्मत से सुधार संभव नहीं है, तो नए सिरे से सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए। जनपद सदस्य दुष्यंत जंघेल ने भी संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का सुधार होने से स्कूली बच्चों, किसानों, ग्रामीणों और अन्य राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी






