आपकी - सिटीखैरागढ़-छुईखदान- गंडई

रेल परियोजना की स्वीकृति पर खैरागढ़ में सांसद संतोष पाण्डेय का भव्य नागरिक अभिनंदन

Khabar Khairagariya

रेल परियोजना की स्वीकृति पर खैरागढ़ में सांसद संतोष पाण्डेय का भव्य नागरिक अभिनंदन

विश्राम गृह में उमड़ा जनसैलाब, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने किया आत्मीय स्वागत; विकास की ऐतिहासिक उपलब्धि पर जताई खुशी

Oplus_16908288

खैरागढ़। डोंगरगढ़–खैरागढ़–छुईखदान–गंडई–कवर्धा–कटघोरा नई रेल परियोजना को मिली स्वीकृति के बाद रविवार को राजनांदगांव लोकसभा सांसद श्री संतोष पाण्डेय के खैरागढ़ आगमन पर जिलेभर में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। लोक निर्माण विभाग (PWD) विश्राम गृह में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों, बुद्धिजीवियों, युवाओं एवं बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सांसद का आत्मीय स्वागत किया।

सांसद के विश्राम गृह पहुंचते ही पूरा परिसर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “संतोष पाण्डेय जिंदाबाद” और “मोदी सरकार जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। अनेक सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने भी अलग-अलग मंचों के माध्यम से सांसद का सम्मान कर रेल परियोजना की स्वीकृति पर आभार व्यक्त किया।

क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि डोंगरगढ़–खैरागढ़–छुईखदान–गंडई–कवर्धा–कटघोरा रेल परियोजना क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही प्रमुख मांगों में शामिल रही है। इस परियोजना को स्वीकृति मिलना केवल एक रेल लाइन की मंजूरी नहीं, बल्कि पूरे खैरागढ़ अंचल के विकास का नया अध्याय है।

उन्होंने कहा कि इस रेल परियोजना से कृषि, व्यापार, शिक्षा, उद्योग, पर्यटन एवं रोजगार के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन आएगा और खैरागढ़ जिला राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जुड़कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होगा।

सांसद के सतत प्रयासों को सराहा

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने अपने संसदीय कार्यकाल के दौरान इस रेल परियोजना को लगातार प्राथमिकता दी। उन्होंने अनेक अवसरों पर लोकसभा में इस विषय को प्रमुखता से उठाया तथा रेल मंत्रालय के समक्ष क्षेत्र की आवश्यकता को मजबूती से रखा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के साथ लगातार समन्वय एवं प्रयासों के परिणामस्वरूप परियोजना को स्वीकृति मिल सकी, जिसके लिए पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।

यह सम्मान जनता की आकांक्षाओं का सम्मान : सांसद

सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने स्वागत से अभिभूत होकर कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र की जनता के विश्वास, स्नेह और विकास की आकांक्षाओं का सम्मान है। उन्होंने कहा कि डोंगरगढ़–खैरागढ़–छुईखदान–गंडई–कवर्धा–कटघोरा रेल परियोजना आने वाले समय में क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदलने का कार्य करेगी। किसानों को अपनी उपज के परिवहन में सुविधा मिलेगी, व्यापार एवं उद्योग को नई गति मिलेगी, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा शिक्षा एवं पर्यटन को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। सांसद ने कहा कि किसी भी बड़ी विकास परियोजना के पीछे वर्षों की मेहनत, निरंतर संवाद और जनसहयोग होता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उनके प्रयास आगे भी इसी तरह निरंतर जारी रहेंगे।

विकास के हर प्रयास का स्वागत करने का किया आह्वान

अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि समाज को विकास के प्रत्येक सकारात्मक प्रयास का स्वागत करना चाहिए। जब जनता विकास कार्यों के साथ मजबूती से खड़ी होती है, तब जनप्रतिनिधियों को भी और अधिक ऊर्जा एवं प्रेरणा मिलती है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि विकास की इस यात्रा में सभी मिलकर सहभागी बनें, ताकि खैरागढ़ अंचल नई उपलब्धियों की ओर निरंतर आगे बढ़ता रहे।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे नागरिक

स्वागत समारोह में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापारी, अधिवक्ता, शिक्षाविद्, युवा, महिला कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, उल्लास और जनसहभागिता का वातावरण बना रहा। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह रेल परियोजना आने वाले वर्षों में खैरागढ़ जिले के विकास की आधारशिला सिद्ध होगी और क्षेत्र को नई पहचान दिलाएगी।


Khabar Khairagariya

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!