चिरायु योजना बनी उम्मीद की किरण, दिव्यांश के जीवन में लौटी मुस्कान
जन्मजात हृदय रोग से जूझ रहे दिव्यांश को चिरायु आरबीएसके योजना से मिला उपचार,

चिरायु योजना बनी उम्मीद की किरण, दिव्यांश के जीवन में लौटी मुस्कान,
जन्मजात हृदय रोग से जूझ रहे दिव्यांश को चिरायु आरबीएसके योजना से मिला उपचार,
अब स्वस्थ होकर आंगनबाड़ी जा रहा,
प्रदीप बोरकर खैरागढ। जिले के ग्राम दिलीपपुर निवासी हिमालय वर्मा के परिवार के लिए चिरायु आरबीएसके योजना उस समय उम्मीद की किरण बनी, जब आर्थिक कठिनाइयों के बीच उनके पुत्र दिव्यांश वर्मा को जन्मजात हृदय रोग के उपचार की आवश्यकता थी। कृषि पर निर्भर परिवार के लिए बच्चे का बेहतर उपचार कराना चुनौतीपूर्ण था। दिव्यांश के बार-बार अस्वस्थ होने से परिवार उसकी सेहत को लेकर चिंतित रहता था।
इसी दौरान आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से परिवार को स्वास्थ्य विभाग की चिरायु आरबीएसके योजना की जानकारी मिली। हिमालय वर्मा ने चिरायु टीम के माध्यम से अपने पुत्र के उपचार के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बच्चे की जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद उसके उपचार की व्यवस्था की गई और रायपुर के अस्पताल में उसका उपचार कराया गया।
उपचार के बाद दिव्यांश के स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार आया। अब वह स्वस्थ है और नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र जा रहा है। बेटे को सामान्य रूप से खेलते और आंगनबाड़ी जाते देखकर परिवार के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई है।
हिमालय वर्मा ने बताया कि बेटे के बार-बार बीमार पड़ने से परिवार उसकी सेहत को लेकर चिंतित रहता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उपचार की व्यवस्था करना भी कठिन था। चिरायु आरबीएसके योजना के माध्यम से बेटे का उपचार संभव हुआ, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली।
उन्होंने चिरायु टीम एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली चिकित्सकीय सहायता से उनके बेटे को बेहतर स्वास्थ्य मिला है। योजना ने परिवार की चिंता कम करने के साथ दिव्यांश को सामान्य जीवन की ओर लौटने में मदद की है।
चिरायु आरबीएसके योजना के तहत बच्चों में जन्मजात एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। दिव्यांश की कहानी इस बात को सामने लाती है कि समय पर स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा मिलने से बच्चों के स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।



