आपकी - सिटीखैरागढ़-छुईखदान- गंडई

दिलीप सिंह मंगल भवन में लगा जनसमस्या निवारण शिविर, 82 आवेदन प्राप्त

नाली सड़क बिजली सफाई के साथ अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन की मांग

Khabar Khairagariya

सुशासन तिहार-2026

 दिलीप सिंह मंगल भवन में लगा जनसमस्या निवारण शिविर, 82 आवेदन प्राप्त

खैरागढ़, ।राज्य शासन की महत्वाकांक्षी पहल सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत नगर पालिका खैरागढ़ स्थित स्व. दिलीप सिंह मंगल भवन में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं नागरिकों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 82 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 78 आवेदन मांगों तथा 4 आवेदन शिकायतों से संबंधित रहे।शिविर का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली तथा कई मामलों में मौके पर ही त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में पहुंचे लोगों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उनकी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव हो पा रहा है। प्राप्त आवेदनों में प्रधानमंत्री आवास योजना, नाली सफाई, राशन कार्ड, शौचालय निर्माण, आय एवं जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी मांगें और समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। प्रशासन द्वारा सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन की समस्याओं का समाधान गांव एवं वार्ड स्तर पर ही हो, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहा है तथा इससे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहायता मिल रही है। जनप्रतिनिधियों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा कुल 24 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 3 गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किए गए, 2 हितग्राहियों को कुपोषण किट तथा 2 हितग्राहियों को अन्न राशन वितरित किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा 9 मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहन सामग्री प्रदान की गई। वहीं मछली पालन विभाग द्वारा 4 मत्स्य पालकों को 2 आईस बॉक्स एवं 2 जाल वितरित किए गए।शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष  विक्रांत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष  गिरजा चंद्राकर, सभापति एवं पार्षद  विनय देवांगन,  रूपेन्द्र रजक,  रेखा विकेश गुप्ता,  देविन कमलेश कोठले, पार्षद  शैलेन्द्र वर्मा, वरिष्ठ नागरिक  निलिमा गिरी गोस्वामी,  आयश सिंह एवं  महेश गिरी गोस्वामी विशेष रूप से उपस्थित रहे इस अवसर पर नगर पालिका अधिकारी  पुनीत वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


Khabar Khairagariya

Related Articles

Back to top button