*वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी पूरी, जर्जर और संकरे पुल की जगह बनेगा आधुनिक ब्रिज*
टिकरापारा में 6 करोड़ की लागत से बनेगा उच्च स्तरीय पुल*

*वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी पूरी, जर्जर और संकरे पुल की जगह बनेगा आधुनिक ब्रिज*
*टिकरापारा में 6 करोड़ की लागत से बनेगा उच्च स्तरीय पुल*

खैरागढ़! शहर के टिकरापारा मार्ग स्थित राममंदिर के सामने मोतीनाला पर बने पुराने और जर्जर पुल की जगह अब नया उच्च स्तरीय पुल बनाया जाएगा। पुल निर्माण की प्रक्रिया अब धरातल पर उतर गई है। राज्य सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग के सेतु निगम ने निर्माण प्रस्ताव और प्राकलन तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण के लिए टेंडर जारी किए जा रहे हैं।
संकरा पुल बना था हादसों का कारण
स्थानीय लोगों के अनुसार पुल की जर्जर स्थिति और कम चौड़ाई के कारण वाहन चालकों को हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता था। कई बार आंदोलन कर पुल निर्माण की मांग उठाई थी। कई घोषणाएं और स्वीकृतियां भी मिलीं, लेकिन काम कभी शुरू नहीं हो पाया। अब पहली बार निर्माण प्रक्रिया वास्तविक रूप से आगे बढ़ती दिखाई दे रही है।
बारिश में कट जाता था संपर्क
बरसात के मौसम में मोतीनाला में बाढ़ आने पर कम ऊंचाई वाला यह पुल पूरी तरह डूब जाता था। इससे टिकरापारा वार्ड और आसपास के गांवों का शहर से संपर्क टूट जाता था। लोगों की आवाजाही, परिवहन और जरूरी सेवाएं पूरी तरह ठप हो जाती थीं। बाढ के दौरान स्थानीय लोगों को कई दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ता था। आपात स्थिति में मदद पहुंचाने में भी प्रशासन को दिक्कतें होती थीं।
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
सेतु निगम अधिकारियों ने बताया कि अगले एक माह में टेंडर और अन्य दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। इसके बाद वर्षों से लंबित पुल निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा। टिकरापारा मार्ग पर बना वर्तमान पुल कई वर्ष पुराना है। यह पुल काफी संकरा है और इसके पास खतरनाक मोड़ होने के कारण यहां लगातार दुर्घटनाएं होती रही हैं। शहर के प्रमुख वार्ड टिकरापारा सहित अकरजन, कोड़ेगांव, मुंहडबरी समेत आधा दर्जन गांवों के ग्रामीण इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। सेतु निगम के अभियंता एआर रंगारी ने बताया कि टिकरापारा उच्च स्तरीय पुल निर्माण की विभागीय प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब टेंडर जारी किए जा रहे हैं। वार्डवासियों ने पुल निर्माण प्रक्रिया शुरू होने पर खुशी जताई है। नया पुल बनने से न केवल दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी बल्कि बरसात के दिनों में भी शहर और गांवों के बीच आवागमन सुचारु बना रहेगा।
