खबर के बाद हरकत में आया प्रशासन टिकरापारा में 11 केवी बिजली पोल हटाने सर्वे शुरू, जल्द होगा समाधान

खबर के बाद हरकत में आया प्रशासन
टिकरापारा में 11 केवी बिजली पोल हटाने सर्वे शुरू, जल्द होगा समाधान
खबर खैरागढ़िया के खबर का असर
खैरागढ़ ! सुशासन शिविर में दिए गए आवेदन और सबसे ज्यादा पढ़े जाने वाले न्यूज पोर्टल खबर खैरागढ़िया में प्रकाशित होने के बाद नया टिकरापारा वार्ड में 11 केवी बिजली लाइन के खतरनाक पोल को हटाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिला प्रशासन और विद्युत विभाग शनिवार सुबह से ही सक्रिय हो गए और मौके पर पहुंचकर सर्वे कार्य शुरू किया।
नया टिकरापारा वार्ड स्थित राधा माधव मंदिर के सामने गली के बीचों-बीच 11 केवी लाइन का पोल लंबे समय से स्थानीय रहवासियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। इसके साथ ही इलाके में स्ट्रीट लाइट और एलवी लाइन के तारों का जाल भी फैला हुआ है, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता था। स्थानीय लोगों के अनुसार गली में पोल होने से आवागमन बाधित होता है और दुपहिया एवं चारपहिया वाहनों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार छोटी-मोटी दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिससे लोगों में लगातार डर बना हुआ था। इस समस्या को लेकर पिछले वर्ष भी आवेदन दिया गया था, लेकिन उस पर कार्रवाई नहीं हुई। इस वर्ष 13 मई को नगरपालिका के सुशासन शिविर में पुनः आवेदन दिया गया, जिसके बाद मामला मीडिया में आने पर प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद विभाग के सहायक अभियंता उत्तम साहू, कनिष्ठ अभियंता सतीश ठाकुर सहित विभागीय टीम मौके पर पहुंची और गली का निरीक्षण कर सर्वे कार्य पूरा किया। अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों को आश्वस्त किया है कि जल्द ही पोल को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सर्वे पूर्ण होने के बाद अब आगे की तकनीकी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस त्वरित पहल पर राहत जताई है और उम्मीद जताई है कि वर्षों पुरानी समस्या का जल्द समाधान होगा, जिससे आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सकेगा। स्थानीय रहवासियों ने त्वरित कार्रवाई के लिए खबर खैरागढ़िया न्यूज पोर्टल का आभार व्यक्त किया है!


