अतिक्रमण हटाओ अभियान कागजो मे अटका

अधिकारियो के नही पहुँचने से धरी रह गई तैयारी, नही हटा सके अतिक्रमण, प्रशासनिक डर नही चलती रही दुकानें

खैरागढ़ । शहर के मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाने की मुहिम मंगलवार शाम कागजी आदेश बन कर रह गई । राजनांदगांव कवर्धा मुख्य मार्ग के न्यायालय परिसर के सामने से अतिक्रमण कास्यिो को हटाए जाने सप्ताह भर पहले दिए गए नोटिस की मियाद सोमवार को खत्म होने के बाद मंगलवार को प्रशासनिक टीम द्वारा संयुक्त रूप से बुलडोजर कार्यवाही करने की तैयारी की गई थी। मंगलवार को कार्यवाही के डर से कई दुकानदारो ने अपना सामान भी समेट लिया था। लेकिन शाम चार बजे शुरू होने वाली कार्यवाही की मानिटरिंग करने मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी नही पहुँचे। पालिका के कर्मी पुलिस जवान ही मौके पर मौजूद रहे। जिसके चलते ताबड़तोड़ तरीके से होने वाली कार्यवाही अटक कर रह गई। कार्यवाही में पुलिस, राजस्व सहित पालिका महकमा जुटने वाला था। मौके पर पालिका, राजस्व के अधिकारी नहीं पहुँचे। आधा दर्जन से अधिक दुकानदारो ने नोटिस और कार्यवाही शुरू करने के निर्देश के बाद भी अपने दुकान नहीं हटाए है। इस पर मंगलवार को कार्यवाही तय की गई थी। लेकिन देर शाम तक अधिकारियो के नही आने के चलते कर्मचारियो ने ले देकर दो ठेले ही मौके से जप्त किया और कार्यवाही खत्म कर दी ।

छोटे दुकानो पर कार्यवाही, बड़े अब भी डटे
मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाए जाने की कार्यवाही मे प्रशासनिक कार्यवाही पर सवाल उठने लगे है। अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सप्ताह भर पहले शुरू की गई थी। मौके पर एक दिन पहले नोटिस दिए जाने के बाद छोटे ठेलो खोमचो को आनन फानन मे जप्त कर दिया गया था । लेकिन बड़े दुकानदारो के विरोध के बाद प्रशासनिक अमला नोटिस दिए जाने का हवाला देकर मौके से हट गया था । सप्ताह भर मे नोटिस भेजने के बाद भी कई दुकानदारो ने नोटिस नही लिया और मंगलवार को तय की गई कार्यवाही के बाद भी मौके से अपना दुकान नही हटाया। मंगलवार को कार्यवाही के लिए पहुँचे कर्मचारियो के बाद भी कई दुकानदारी बेधड़क चलती रही । इसके चलते प्रशासनिक कार्यवाही और लचर प्रणाली पर सवालिया निशान लग गए है। बताया गया कि मौके पर नपा सीएमओ दुर्ग कार्यालय जाने के चलते नहीं आए। एसडीएम और तहसीलदार को भी मौके पर होना था। लेकिन कार्यवाही शुरू करने के दो घंटे बाद मौके पर तहसीलदार पूजा पींचा पहुँची इसके अलावा कोई अधिकारी नही पहुँचा। कार्यवाही के लिए पालिका के जेसीबी को भी मंगाया गया था लेकिन खराब होने के चलते जेसीबी भी नही आई और पूरी टीम मौके से खाना पूर्ति कर वापस लौट गई ।
